भारतीय क्रिकेटर और इंडिया टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से सन्यास ले लिया। हालांकि, धोनी 19 सितंबर से यूएई में होने वाले आईपीएल में खेलते नजर आएंगे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 16 साल दे चुके धोनी ने टेस्ट से दिसंबर 2015 में ही सन्यास ले लिया था। अब उन्होंने सीमित ओवरों के खेल से सन्यास ले लिया।
धोनी के सन्यास को लेकर लंबे वक्त से चर्चा थी। उन्होंने 2019 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना आखिरी मैच खेला था। इसके बाद से वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नजर नहीं आए। हालांकि, उनके सन्यास को लेकर लगातार कयास लगाए जा रहे थे।
पहला और आखिरी मैच कब खेला?
फॉर्मेट | डेब्यू | किसके खिलाफ | आखिरी मैच | किसके खिलाफ |
टेस्ट | 2005 | श्रीलंका | 2014 | ऑस्ट्रेलिया |
वनडे | 2004 | बांग्लादेश | 2019 | न्यूजीलैंड |
टी 20 | 2006 | अफ्रीका | 2019 | ऑस्ट्रेलिया |
धोनी का करियर
फॉर्मेट | मैच | रन | सर्वाधिक स्कोर |
टेस्ट | 90 | 4876 | 224 |
वनडे | 350 | 10773 | 183 |
टी-20 | 98 | 1617 | 56 |
धोनी के नाम हैं ये चार वर्ल्ड रिकॉर्ड, जिन्हें तोड़ना है मुश्किल
1- दुनिया के अकेले कप्तान, जिन्होंने आईसीसी के तीनों टूर्नामेंट जीते
धोनी की कप्तानी में भारत ने 2007 में टी-20 वर्ल्ड कप जीता था। इसके बाद उन्हीं की कप्तानी में भारत ने 2011 में वर्ल्डकप जीता। इसके बाद 2013 में जब भारत ने चैम्पियनशिप ट्राफी जीती, तब धोनी ही कप्तान थे। इसी के साथ धोनी दुनिया के अकेले ऐसे कप्तान बन गए, जिन्होंने आईसीसी के तीन टूर्नामेंट जीते।
2- कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेले
धोनी ने टीम इंडिया के लिए 332 मैच (200 वनडे, 60 टेस्ट, 72 टी-20) में कप्तानी की। उनके पीछे ऑस्ट्रेलिया के कप्तान रिकी पॉन्टिंग हैं। उन्होंने 324 मैच में कप्तानी की। इसके अलावा धोनी ऐसे अकेले कप्तान हैं, जिन्होंने तीनों फॉर्मेट में 50 से ज्यादा मैचों में कप्तानी की।
3- वनडे में धोनी के कप्तान रहते भारत ने जीते सबसे ज्यादा फाइनल
धोनी ने 6 अंतरराष्ट्रीय वनडे टूर्नामेंट में कप्तानी की। इनमें से चार के फाइनल में टीम इंडिया उनके नेतृत्व में जीती। यह वर्ल्ड रिकॉर्ड है। इसके अलावा धोनी की कप्तानी में भारत ने 110 वनडे मैच जीते। इस मामले में उनसे आगे रिकी पॉन्टिंग हैं। उनकी कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने 165 मैच जीते थे।
4- वनडे में सबसे ज्यादा नॉट आउट रहने का रिकॉर्ड
धोनी 84 वनडे मैचों में नॉट आउट लौटे। यह भी एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है। उनके बाद इस लिस्ट में अफ्रीकी ऑलराउंडर शॉन पोलॉक का नाम है, जो 72 मैचों में नॉट आउट रहे। इसके अलावा धोनी 51 बार रनों का पीछा करते वक्त नॉट आउट रहे। इनमें से 47 बार इंडिया ने मैच जीता। वहीं, 2 बार मैच टाइ रहा, जबकि दो बार धोनी जीत नहीं दिला सके।
i love this superb post